Site icon The Mountain People

स्वतंत्रता दिवस पर CM धामी का संकल्प -आपदा से विकास तक, उत्तराखंड को बनाएंगे आदर्श और अग्रणी राज्य

 

 

 

देहरादून : स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों, वीर-वीरांगनाओं और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उत्तराखंड की जनता के योगदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील है और इस वर्ष धराली (उत्तरकाशी) सहित कई क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य के सभी विभागों के साहस और तत्परता की सराहना की।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने शहीद सैनिकों के परिजनों की अनुग्रह राशि 50 लाख रुपये और परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली राशि डेढ़ करोड़ रुपये कर दी है, साथ ही अग्निवीरों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने की नीति बनाई जा रही है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता लागू की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लगभग दो लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

सीएम धामी ने सांस्कृतिक विरासत संरक्षण के लिए हरिपुर कालसी यमुना तीर्थ स्थल, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और मानसखंड मंदिर माला मिशन जैसी योजनाओं का जिक्र किया। औद्योगिक विकास के लिए 30 से अधिक नीतियों और इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ के एमओयू का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इससे एक लाख करोड़ की ग्राउंडिंग और 81 हजार से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं।

उन्होंने सीमांत क्षेत्रों के विकास, कृषि उत्पादों को बढ़ावा, धर्मांतरण व अतिक्रमण विरोधी कानून, कठोर नकल विरोधी कानून, सौर ऊर्जा के विस्तार, पर्यटन और फिल्म शूटिंग को प्रोत्साहन, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, महिला सशक्तिकरण योजनाओं और राज्य आंदोलनकारियों के हित में उठाए गए कदमों का विस्तार से उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने अंत में सभी से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए उत्तराखंड को आदर्श, अग्रणी और प्रगतिशील राज्य बनाने तथा विकसित भारत की परिकल्पना साकार करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

 
Exit mobile version