उत्तरकाशी : देवभूमि उत्तराखंड इस समय प्राकृतिक कहर की चपेट में है। बीते दिन से जारी मूसलाधार बारिश ने राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है, वहीं मंगलवार तड़के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में बादल फटने की भयावह घटना सामने आई है। खीरगंगा नदी में आए उफान और मलबे के सैलाब से पूरे गांव में तबाही मच गई। कई घर, दुकानें और होटल इसके चपेट में आ गए हैं, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस त्रासदी पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा:
“उत्तरकाशी के धराली में हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही सभी पीड़ितों की कुशलता की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी से बात कर मैंने हालात की जानकारी ली है। राज्य सरकार की निगरानी में राहत और बचाव की टीमें हरसंभव प्रयास में जुटी हैं। लोगों तक मदद पहुंचाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है।”
यह भी पढ़े : उत्तरकाशी के धराली आपदा पर केंद्र की गंभीर चिंता, गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुःख, हरसंभव मदद का भरोसा
गृह मंत्री अमित शाह ने भी की स्थिति की समीक्षा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली और हर संभव केंद्रीय सहायता का भरोसा दिलाया। गृह मंत्री ने NDRF और अन्य एजेंसियों को त्वरित राहत कार्य के निर्देश दिए हैं।
राहत-बचाव कार्य में ITBP और NDRF की टीमें जुटीं
घटना के बाद ITBP की निकटतम 3 टीमें धराली के लिए रवाना कर दी गई हैं। साथ ही NDRF की 4 टीमें भी मौके पर भेजी गई हैं, जो बचाव कार्यों में जुट गई हैं। क्षेत्र में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हर संभव मदद पहुंचाने में जुटा है।
प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए जिला प्रशासन उत्तरकाशी ने निम्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
📞 01374-222126, 01374-222722
📱 9456556431 (DEOC उत्तरकाशी)
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है और स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों को सतर्क रहने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

