नई दिल्ली: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार को आई प्राकृतिक आपदा ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। बादल फटने की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में खीरगंगा नदी के उफान से कई घर, दुकानें और होटल मलबे में समा गए। इस दुखद घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
गृह मंत्री ने इस आपदा में हुई जन-धन की क्षति पर गहरी संवेदना जताई और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति प्रकट की है। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत कर घटनास्थल की विस्तृत जानकारी ली और हर संभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया।
शाह ने एनडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियों को तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य में जुटने के निर्देश दिए हैं। गृह मंत्रालय लगातार उत्तराखंड सरकार के संपर्क में है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रस्तावित दौरा तत्काल स्थगित कर देहरादून लौटने का निर्णय लिया है ताकि राहत कार्यों की निगरानी स्वयं कर सकें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखते हुए हर स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
केंद्र और राज्य सरकारें एकजुट, राहत कार्यों में तेजी
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित क्षेत्र को आवश्यक संसाधन, बचाव सामग्री और विशेषज्ञ टीमों की कमी नहीं होने दी जाएगी। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में केंद्र, उत्तराखंड के साथ पूरी तरह खड़ा है।

