देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर प्रतिभाशाली छात्र और युवा वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर शौर्य प्रताप बिष्ट ने मुख्यमंत्री आवास में भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शौर्य की रचनात्मक वन्यजीव फोटोग्राफी की भूरी-भूरी प्रशंसा की और उन्हें सम्मानित किया।
शौर्य प्रताप बिष्ट ने मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए कुछ दुर्लभ वन्यजीवों की उत्कृष्ट तस्वीरें भेंट स्वरूप प्रदान कीं। मुख्यमंत्री श्री धामी ने विशेष रूप से जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क की तस्वीरों को सराहते हुए शौर्य को वन्यजीव संरक्षण और फोटोग्राफी के क्षेत्र में अपने जुनून को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में यदि इस प्रकार का प्रकृति और वन्यजीवन के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण हो, तो यह समाज और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिए सकारात्मक संकेत है।

