खटीमा : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में आयोजित अखिल भारतीय शिक्षा समागम के कार्यक्रम में ₹26.23 करोड़ की लागत से निर्मित केंद्रीय विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया और इसे “ज्ञान और विज्ञान के नए युग की शुरुआत” बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर मेरे छात्र जीवन में खटीमा में केंद्रीय विद्यालय होता, तो मैं भी उसका छात्र होता।” उन्होंने बताया कि विधायक रहते हुए उन्होंने विद्यालय स्थापना के लिए लगातार प्रयास किए और आज वह सपना साकार हो गया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य: सीएम धामी
सीएम धामी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत देशभर में शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार किए जा रहे हैं, और उत्तराखंड इसे लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने बताया कि राज्य में 5600 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में बालवाटिकाएं शुरू कर दी गई हैं, जिससे बुनियादी शिक्षा को मजबूती मिली है।
खटीमा में स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे में बड़ा निवेश
सीएम धामी ने कहा कि खटीमा उनका घर है, और यहां की माटी से उन्हें जनसेवा की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने बताया कि:
-
हाइटेक बस स्टैंड,
-
100-बेड अस्पताल परिसर,
-
आधुनिक आईटीआई और पॉलीटेक्निक कॉलेज,
-
राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम,
-
गदरपुर-खटीमा बाईपास,
-
नौसर पुल निर्माण
जैसी परियोजनाएं क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा रही हैं।
खटीमा में एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं शुरू
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय खटीमा में अब एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं भी शुरू हो चुकी हैं। इसके साथ ही जनजातीय बहुल क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय का संचालन भी प्रारंभ हो चुका है।
कड़ा प्रशासन, भ्रष्टाचार पर शून्य सहनशीलता
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा:
-
200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों को जेल,
-
6500 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त,
-
200 अवैध मदरसे सील,
-
500 से अधिक अवैध ढांचों को हटाया,
-
समान नागरिक संहिता लागू,
-
23,000+ युवाओं को सरकारी नौकरी,
-
“ऑपरेशन कालनेमि” से पाखंडियों पर कार्रवाई,
-
दंगारोधी व धर्मांतरण विरोधी कानून लागू।
विकास और संस्कृति दोनों का संतुलन
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। इसके लिए सरकार हर वर्ग, हर क्षेत्र के हित में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

