Site icon The Mountain People

एक पेड़ माँ के नाम” : उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण बना जन आंदोलन, पहले ही दिन 8 लाख से अधिक पौधे रोपे

 

 

 

हल्द्वानी: उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित एफटीआई परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर एक प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी श्रद्धा और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस वर्ष हरेला पर्व के अवसर पर अभियान की शुरुआत के दिन ही 8,13,000 लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभाई। यह आंकड़ा उत्तराखंड की प्रकृति-प्रेमी जनता की जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने अपील की कि सावन मास के दौरान हर व्यक्ति कम से कम “एक पेड़ माँ के नाम” जरूर लगाए।

मनसा देवी हादसे पर गहरा दुख

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में हालिया दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार द्वारा जरूरी कदम उठाए जा चुके हैं। सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या के अनुरूप प्रवेश नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाएगा।

शहरी अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री धामी ने शहरी क्षेत्रों में बढ़ते अवैध अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अतिक्रमण की तत्काल पहचान कर सख्ती से हटाने की कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा और विकास कार्यों में बाधा बनने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

Exit mobile version