Site icon The Mountain People

पंचायत चुनाव की तिथियां तय: 24 और 28 जुलाई को ही मतदान, पुनर्मतदान की तारीखों को लेकर न हो भ्रम

 

 

देहरादून: राज्य निर्वाचन आयोग उत्तराखंड ने स्पष्ट किया है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदान तिथियों में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। आयोग के अनुसार, पंचायत चुनाव दो चरणों में 24 जुलाई और 28 जुलाई 2025 को ही कराए जाएंगे।

आयोग ने बताया कि 20 जुलाई को जारी किया गया पत्र केवल पुनर्मतदान की स्थिति से संबंधित है, न कि मतदान की मूल तिथियों में किसी बदलाव से। यह स्थिति प्राकृतिक आपदा या किसी अन्य आपातकालीन कारणों से किसी बूथ पर मतदान न हो पाने पर लागू होती है।

आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल ने स्पष्ट किया कि यदि पहले चरण (24 जुलाई) में किसी बूथ पर मतदान नहीं हो पाता है, तो वहां 28 जुलाई को पुनर्मतदान कराया जाएगा। इसी तरह, यदि 28 जुलाई को किसी स्थान पर मतदान नहीं हो सका, तो वहां 30 जुलाई को पुनर्मतदान होगा। पुनर्मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। मतगणना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई 2025 को ही संपन्न होगी।

आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अफवाहों या असत्य सूचनाओं पर ध्यान न दें और भ्रम में न रहें। हर चुनाव की तरह इस बार भी पुनर्मतदान की तिथियां संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए पूर्व से निर्धारित की गई हैं।

Exit mobile version