पीटीआई: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि सरकार 2036 ओलंपिक खेलों की तैयारियों के तहत करीब 3000 खिलाड़ियों को हर महीने 50,000 रुपये दे रही है। यह राशि खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से मजबूत करने और उन्हें विश्वस्तरीय प्रदर्शन के लिए तैयार करने के उद्देश्य से दी जा रही है। अमित शाह दिल्ली में ‘वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025’ में भाग लेने वाले भारतीय दल के सम्मान समारोह में बोल रहे थे।
जीत की आदत डालें, हार से न घबराएं: शाह
अमित शाह ने कहा कि जीत और हार जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन जीत के लिए लक्ष्य तय करना और उसकी रणनीति बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जो लोग जीतने की आदत डालते हैं, वही असाधारण प्रदर्शन कर पाते हैं। शाह ने अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड और उससे जुड़ी सभी इकाइयों से अगले वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में कम से कम तीन पदक जीतने का लक्ष्य तय करने की अपील की।
2029 गुजरात खेलों में रचेंगे नया इतिहास
गृह मंत्री ने कहा कि वह आश्वस्त हैं कि 2029 में गुजरात में होने वाले वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में भारतीय दल नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि नियमित खेल अभ्यास न केवल पुलिस बलों के तनाव को कम करेगा, बल्कि उनकी कार्यक्षमता और निर्णय क्षमता में भी सुधार करेगा।
ओलंपिक में शीर्ष 5 में लाने का भरोसा
अमित शाह ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि 2036 ओलंपिक में भारत शीर्ष पांच पदक विजेता देशों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधाएं और सपोर्ट दे रही है ताकि वे विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन कर सकें।

