Site icon The Mountain People

CM धामी ने एयर एम्बुलेंस सेवा विस्तार, ट्रॉमा सेंटर और मेडिकल कॉलेजों के लिए केंद्र से मांगा सहयोग

 

 

 

नई दिल्ली: उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं, मेडिकल कॉलेजों, ट्रॉमा सेंटर और आयुष्मान भारत योजना से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

एयर एम्बुलेंस सेवा का विस्तार और एक अतिरिक्त हेलीकॉप्टर की मांग

मुख्यमंत्री ने अनुरोध किया कि एम्स ऋषिकेश से संचालित एयर एम्बुलेंस सेवा का विस्तार किया जाए ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को समय पर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। इसके साथ ही राज्य के पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं के लिए एक अतिरिक्त हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराए जाने की मांग भी रखी गई।

आयुष्मान भारत योजना में केंद्र के योगदान में बढ़ोतरी का आग्रह

मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रति एसईसीसी (SECC) परिवार केंद्रीय योगदान को ₹1,052 से बढ़ाकर ₹1,500 किए जाने का आग्रह किया, जिससे लाभार्थियों को अधिक व्यापक और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

चारधाम यात्रा में एम्स विशेषज्ञों की भूमिका और DRP में यात्रा ड्यूटी को सराहा

सीएम धामी ने चारधाम यात्रा में एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञों की सेवाओं और स्नातकोत्तर डॉक्टरों की रेजिडेंसी प्रोग्राम (DRP) में यात्रा ड्यूटी शामिल करने के लिए केंद्र सरकार का आभार भी जताया।

नए मेडिकल कॉलेजों की मंजूरी का अनुरोध

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिथौरागढ़ के जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज और रुद्रपुर के पं. राम सुमेर शुक्ल मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं और शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शिक्षण कार्य प्रारंभ करने के लिए आवेदन किया जाएगा। उन्होंने केंद्र से इनके लिए नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) की अनुमति शीघ्र दिलाए जाने की मांग की।

साथ ही, THDC के सहयोग से निर्माणाधीन टिहरी मेडिकल कॉलेज के संचालन हेतु भी जरूरी अनुमतियां शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया गया।

श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में ट्रॉमा सेंटर की मांग

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर की स्थापना और उसके संचालन के लिए भारत सरकार से तत्काल सहयोग की मांग की। उन्होंने कहा कि यह ट्रॉमा सेंटर न केवल स्थानीय जनता के लिए अहम होगा बल्कि चारधाम यात्रा मार्ग और पर्वतीय इलाकों से गुजरने वाले तीर्थयात्रियों व पर्यटकों के लिए भी जीवन रक्षक सिद्ध होगा।

केंद्रीय मंत्री ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री धामी को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया और कहा कि उत्तराखंड की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की यह पहल उत्तराखण्ड की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाली साबित हो सकती है। आपातकालीन सेवाओं से लेकर मेडिकल कॉलेजों और ट्रॉमा सेंटर तक, राज्य की स्वास्थ्य संरचना को सशक्त बनाने के लिए केंद्र से तालमेल और सहयोग की यह रणनीति दूरगामी परिणाम दे सकती है।

Exit mobile version