Site icon The Mountain People

ऑपरेशन कालनेमि : उत्तराखंड में धर्म की आड़ में ठगी करने वालों पर चलेगा बुलडोजर, CM धामी के सख्त निर्देश

 

 

देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड में सनातन धर्म की आड़ में आमजन को ठगने और धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले छद्मवेशी बाबाओं और पाखंडी तत्वों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐसे धार्मिक भेषधारियों पर नकेल कसने के लिए “ऑपरेशन कालनेमि” शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जैसे पुराणों में असुर ‘कालनेमि’ साधु का भेष धारण कर लोगों को भ्रमित करता था, उसी तरह आज के समय में भी समाज में कुछ लोग धार्मिक वेशभूषा के आड़ में अपराध, ठगी और पाखंड का जाल फैला रहे हैं, जो सनातन संस्कृति की गरिमा को धूमिल करने का प्रयास है।

उन्होंने कहा, “सरकार आस्था की रक्षा के लिए कटिबद्ध है, लेकिन आस्था के नाम पर पाखंड फैलाने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

प्रदेश में हाल ही में सामने आए मामलों में कई महिलाओं को ठगने, डराने-धमकाने और अंधविश्वास फैलाने जैसे गंभीर आरोप ऐसे भेषधारी तत्वों पर लगे हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी धर्म का व्यक्ति धार्मिक भेष में धोखाधड़ी या आपराधिक गतिविधि करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।

“ऑपरेशन कालनेमि” का उद्देश्य केवल अपराधियों पर शिकंजा कसना नहीं, बल्कि देवभूमि की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पवित्रता की रक्षा करना भी है। सरकार ने साफ किया है कि सनातन संस्कृति की गरिमा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Exit mobile version