Site icon The Mountain People

महाकुंभ और हमलों के बाद बढ़े हवाई किराए पर लगेगी लगाम, डीजीसीए ने दिए संकेत

Photo: Wikipedia

 

पीटीआई: महाकुंभ और पहलगाम आतंकी हमलों के बाद अचानक बढ़े हवाई किराए पर रोक लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। मंगलवार (08 जुलाई, 2025) को पार्लियामेंट्री पैनल की बैठक में यह मुद्दा जोरशोर से उठा, जिसके बाद विमानन नियामक डीजीसीए ने कहा कि टिकटों की कीमतों में भारी वृद्धि पर नियंत्रण के लिए तंत्र स्थापित किया जाएगा। सांसदों ने कहा कि आतंकी घटनाओं और आपदा की स्थिति में एयरलाइंस मनमाने तरीके से किराए बढ़ा देती हैं, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सुरक्षा पर बढ़ी चिंता

बैठक में अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद हवाई सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई। कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल और अन्य सदस्यों ने नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो के ऑडिट की मांग करते हुए पूछा कि अहमदाबाद हादसे की जांच रिपोर्ट कब तक आएगी। जांच जारी होने के कारण बैठक में इस दुर्घटना पर विस्तृत चर्चा नहीं हो सकी, लेकिन सदस्यों ने हवाई सुरक्षा से जुड़ी व्यापक चिंताओं को सामने रखा। बैठक के बाद वेणुगोपाल ने कहा कि सभी सदस्य सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं और हर यात्री को अपनी यात्रा में सुरक्षित महसूस होना चाहिए।

एयर इंडिया करेगी बेड़े का नवीनीकरण

इस दौरान एयर इंडिया के सीईओ कैम्पबेल विल्सन ने समिति को जानकारी दी कि एयरलाइन अपनी सीटों और सुविधाओं को लेकर आने वाली शिकायतों को दूर करने के लिए अगले दो वर्षों में अपने बेड़े का नवीनीकरण पूरा कर लेगी। उन्होंने उड़ान सुरक्षा को लेकर एयरलाइन की प्रतिबद्धता भी जताई और कहा कि यात्रियों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।

टिकटों की मनमानी कीमतों पर कार्रवाई की मांग

एनसीपी सांसद प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि हादसों के बाद यात्रियों में डर बढ़ा है और हर यात्री सुरक्षित यात्रा चाहता है। सूत्रों के मुताबिक, सांसदों ने हवाई टिकटों की कीमतों में मनमानी बढ़ोतरी पर आधिकारिक एजेंसियों पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की और कई उदाहरण भी रखे। डीजीसीए के इस आश्वासन के बाद उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही हवाई किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी पर लगाम लगेगी और यात्रियों को आपदा या आतंकी घटनाओं के समय भी राहत मिल सकेगी।

Exit mobile version