“जान जोखिम में डालने की ज़रूरत नहीं!” टिहरी के चिफल्डी गदेरे में जल्द शुरू होगी ट्रॉली सेवा, DM ने की लोगों से अपील

 

 

टिहरी : सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में टिहरी जिले के जौनपुर ब्लॉक के चिफल्डी गदेरे को जेसीबी से पार करते ग्रामीणों की तस्वीरों ने सबको हैरान कर दिया है। इस पर जिलाधिकारी टिहरी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से सुरक्षित आवागमन की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि एक सप्ताह के भीतर ट्रॉली सेवा शुरू कर दी जाएगी।

पुल निर्माण को लेकर आई प्राकृतिक आपदा

DM ने जानकारी दी कि PMGSY-2 योजना के तहत चिफल्डी गदेरे पर 30 मीटर स्पान के स्टील पुल का निर्माण किया जाना था, लेकिन अगस्त 2024 की भारी बारिश और फ्लैश फ्लड के कारण निर्माणाधीन पुल अनुपयोगी हो गया। इसके बाद नदी की चौड़ाई बढ़ने और मलवे के जमाव के कारण योजना में बदलाव करते हुए 48 मीटर स्पान के नए पुल के लिए अप्रैल 2025 में वित्तीय स्वीकृति दी गई।

पुल निर्माण तेज़ी से प्रगति पर

वर्तमान में स्टील ट्रस पुल का A1 और A2 abutement का कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही 70% फैब्रिकेशन कार्य वर्कशॉप में पूरा किया जा चुका है। पुल के मार्च 2026 तक पूरा होने की संभावना है।

अस्थाई समाधान: ह्यूम पाइप व ट्रॉली

ग्रामवासियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए PMGSY-2 द्वारा ह्यूम पाइप डालकर नदी पार करने की सुरक्षित व्यवस्था की गई है। साथ ही PWD थत्यूड़ द्वारा ट्रॉली सेवा भी शुरू की जा रही है, जिसके दोनों ओर के abutement का कार्य पूरा हो चुका है।

DM के निर्देश अनुसार एक सप्ताह के भीतर ट्रॉली चालू हो जाएगी।

DM की अपील: जोखिम न लें

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जेसीबी या अन्य असुरक्षित माध्यमों से नदी पार करने का प्रयास न करें।“ट्रॉली सेवा शीघ्र शुरू हो रही है, तब तक कृपया ह्यूम पाइप से बनाए गए सुरक्षित मार्ग का उपयोग करें,” – जिलाधिकारी, टिहरी।



वायरल वीडियो ने जहां प्रशासन को सतर्क किया है, वहीं सरकार की त्वरित प्रतिक्रिया और स्थानीय समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल भी पेश की है। ट्रॉली सेवा की शुरुआत से ग्रामीणों को न केवल राहत मिलेगी बल्कि भविष्य में किसी भी दुर्घटना से बचाव भी सुनिश्चित होगा।

(Visited 1,074 times, 1 visits today)