Site icon The Mountain People

गंगा का उफान बना संकट का संकेत: हरिद्वार में बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट मोड में

 

 

TMP: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब निचले इलाकों में भी दिखने लगा है। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे हरिद्वार और आसपास के तटीय क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए हरिद्वार पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एसएसपी के निर्देश पर नदी किनारे बसे क्षेत्रों में पुलिस अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को लगातार सतर्क कर रही है। निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है ताकि किसी भी संभावित आपदा से जानमाल की हानि टाली जा सके।

प्रशासन ने घाटों, तटों और नदी किनारे जाने पर कड़ा प्रतिबंध लगाया है। SDRF की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात कर दी गई हैं, वहीं जल पुलिस भी लगातार निगरानी कर रही है। घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है और जलस्तर पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।

प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू और राहत पहुंचाई जाएगी। नदी किनारे रहने वाले परिवारों को राहत सामग्री व अन्य आवश्यक सुविधाएं भी मुहैया कराई जा रही हैं।

हरिद्वार प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें, और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। साथ ही, किसी भी आवश्यकता या आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन की हेल्पलाइन से संपर्क करें।

Exit mobile version