Site icon The Mountain People

छात्र संसद इंडिया का नेशनल गवर्नेंस टूर: उत्तराखंड सचिवालय में हुआ युवा नीति संवाद, IIT-IIM के प्रतिनिधियों ने साझा किए विचार

 

 

 

देहरादून: देश के भावी नीति-निर्माताओं और प्रशासनिक नेतृत्व को तैयार करने की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल के तहत छात्र संसद इंडिया के नेशनल गवर्नेंस टूर के अंतर्गत IIT, IIM, NLU, और IIFT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से आए 50 छात्र प्रतिनिधियों का उत्तराखंड सचिवालय में भव्य स्वागत किया गया। यह दौरा सी.पी.पी.जी.जी. (राज्य नीति एवं सुशासन केंद्र) और नियोजन विभाग द्वारा आयोजित किया गया।

नीति-निर्माण में युवाओं की भूमिका पर संवाद

इस संवादात्मक सत्र में नियोजन सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अड्डांकी ने छात्रों से संवाद करते हुए उत्तराखंड की विकास योजनाओं, जनभागीदारी आधारित शासन और डेटा-संचालित नीति निर्माण की आवश्यकता पर गहराई से चर्चा की। उन्होंने युवाओं को देश की शासन प्रक्रिया को समझने और उसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया

डेटा, नवाचार और सुशासन के उदाहरण

सेतु आयोग के निदेशक डॉ. मनोज कुमार पंत ने बताया कि कैसे उत्तराखंड में नीति नवाचार, डेटा एनालिटिक्स और योजनाओं के प्रभाव मूल्यांकन जैसे आधुनिक उपकरणों का उपयोग कर साक्ष्य आधारित नीतियां तैयार की जा रही हैं। छात्रों को उदाहरणों के माध्यम से शासन तंत्र की बारीकियाँ समझाई गईं।

छात्रों का उत्साहपूर्ण संवाद

प्रतिनिधिमंडल के छात्रों ने नीति-निर्माण, योजना कार्यान्वयन, और जमीनी स्तर पर इसके प्रभाव से जुड़े सवालों के माध्यम से अपनी जिज्ञासा और समझदारी का परिचय दिया। यह चर्चा न केवल शिक्षाप्रद रही बल्कि भविष्य के नेतृत्व को दिशा देने वाली भी सिद्ध हुई।

नेतृत्व में दिखा युवा ऊर्जा

इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कुनाल शर्मा (संस्थापक-अध्यक्ष, छात्र संसद इंडिया), आदित्य वेगड़ा (उपाध्यक्ष) तथा मानस तिवारी, विदि शर्मा, शशांक शेखर पांडे और कुनाल ठाकुर ने किया। इन युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने संवाद को सफल और प्रभावशाली बनाया।

यह ज्ञान-संवाद केवल एक औपचारिक शिष्टाचार नहीं था, बल्कि नीति, नवाचार और नेतृत्व के त्रिकोण पर केंद्रित एक प्रेरणादायक पहल रही। छात्र संसद इंडिया का यह टूर युवाओं को शासन तंत्र से जोड़ने और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Exit mobile version