ऋषिकेश: 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग द्वारा त्रिवेणी घाट पर एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। पवित्र गंगा आरती के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधकों ने भाग लिया और प्रशिक्षित योग अनुदेशकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन किए।
शिविर का शुभारंभ नगर निगम ऋषिकेश की पार्षद रीना शर्मा एवं गंगा सभा से जतिन स्वरूप भटनागर ने नोडल अधिकारी डॉ लक्ष्मण सिंह राणा की अध्यक्षता में किया। इस अवसर पर योग अनुदेशक अमित बिष्ट, सीमा डंगवाल और चम्पा ने शिविर में उपस्थित साधकों को ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, प्राणायाम समेत अन्य योग क्रियाएं सिखाईं।
मीडिया प्रभारी डॉ डी.सी. पसबोला ने बताया कि यह शिविर 21 जून को विश्व योग दिवस से पहले लोगों को योग के महत्व से अवगत कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
नोडल अधिकारी डॉ लक्ष्मण सिंह राणा ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक संतुलन का माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे परिवार सहित प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
डॉ राणा ने यह भी जानकारी दी कि 21 जून को ऋषिकेश में विभिन्न स्थलों पर भव्य योग शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आमजन, विद्यार्थी और अधिकारी वर्ग भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इन आयोजनों में भाग लेने और योग को अपनाने का आह्वान किया।

