- प्राकृतिक आपदाओं पर भी जताई चिंता
देहरादून : देश आज 78वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया और देशवासियों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य सिर्फ एक सपना नहीं है, बल्कि यह 140 करोड़ भारतीयों के संकल्प और सपनों का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हम इस संकल्प को पूरा कर सकते हैं और देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने देश में बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं पर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने हाल ही में हुई प्राकृतिक आपदाओं में हुए जानमाल के नुकसान पर शोक जताया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों को अपने परिवारजनों और संपत्तियों का नुकसान सहना पड़ा है। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस संकट की घड़ी में पूरा देश प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है।