Site icon The Mountain People

मणिपुर के दो जिलों में अनिश्चितकाल के लिए लगा कर्फ्यू, एक व्यक्ति का शव मिलने पर लोग कर रहे थे विरोध प्रदर्शन

आईएएनएस। मणिपुर के जिरीबाम और तामेंगलोंग जिलों में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि एक व्यक्ति की हत्या के विरोध में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद यह फैसला लिया गया है।

शव मिलने के बाद विरोध प्रदर्शन

पुलिस के अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात जिरीबाम में सोइबाम सरतकुमार सिंह का शव मिला था। शव पर जख्म के कई निशान थे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। आगजनी भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने जिरीबाम में अपने लाइसेंसी हथियारों को वापस करने की मांग की। हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों के मद्देनजर हथियार जमा कर दिए गए थे।

स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में- अधिकारी

उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिरीबाम जिले में असम राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और मणिपुर पुलिस के अधिकारियों का संयुक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।

जिरीबाम और निकटवर्ती तामेंगलोंग जिले में राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों सहित सुरक्षाबलों की बड़ी टुकड़ी तैनात की गई है। शुक्रवार को स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में रही।

Exit mobile version