देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को दून विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के आगामी 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर आयोजित केंद्रीय टीम की बैठक में भाग लिया। यह अधिवेशन 28 से 30 नवम्बर 2025 तक देहरादून में आयोजित किया जाएगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिवेशन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और आयोजन समिति से समन्वय बनाकर सभी तैयारियाँ समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के अधिवेशन युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं, जहाँ देशभर से आए विद्यार्थी विचार-विमर्श के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में ठोस संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि एबीवीपी जैसे संगठन देश की युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
सीएम धामी ने अधिवेशन के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आयोजित यह अधिवेशन निश्चित रूप से युवाओं में नए उत्साह, ऊर्जा और देशभक्ति की भावना का संचार करेगा।
