Site icon The Mountain People

दिवाली के बाद पर्यटकों से गुलजार हुई मसूरी, सड़कों पर थमे वाहनों के पहिए

 

 

 

 

मसूरी: दिवाली के बाद पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। सोमवार और मंगलवार को बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुंचने से पर्यटन स्थलों पर रौनक तो बढ़ी, लेकिन शहर की सड़कें वाहनों के दबाव से जूझती रहीं। सुबह से शाम तक प्रमुख मार्गों और चौराहों पर जाम लगा रहा। कई जगह वाहन काफी देर तक फंसे रहे और लोगों को रेंगते हुए आगे बढ़ना पड़ा।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या के बीच यातायात संभालने के लिए पुलिसकर्मी दिनभर सड़कों पर तैनात रहे। वे लगातार जाम खुलवाने और वाहनों की आवाजाही सामान्य करने की कोशिश करते दिखे, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के चलते हालात नियंत्रित करने में मुश्किलें आईं। जाम का असर स्थानीय निवासियों के साथ पर्यटकों की आवाजाही पर भी पड़ा।

स्थानीय लोगों ने उठाए इंतजामों पर सवाल

शहर में बार-बार लग रहे जाम को लेकर स्थानीय निवासियों ने पुलिस और प्रशासन की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। रमेश सिंह और उपेन्द्र सिंह का कहना है कि छुट्टियों और त्योहारों के बाद मसूरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ना पहले से तय रहता है। ऐसे में पहले से अतिरिक्त पुलिस बल और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था होनी चाहिए थी।

स्थानीय लोगों ने प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने की मांग की है।

लालटिब्बा जाने वाले वाहनों से लंढौर में दबाव

प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि पुलिस उपलब्ध संसाधनों के साथ यातायात सुचारु करने में जुटी हुई है। उनके अनुसार, लालटिब्बा की ओर जाने वाले पर्यटकों के वाहनों के कारण लंढौर और मलिंगार चौक पर जाम की समस्या अधिक देखने को मिलती है।

Exit mobile version