Site icon The Mountain People

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर CM धामी अलर्ट, परेड ग्राउंड पहुंचकर परखी तैयारियां

 

 

 

देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन और पार्किंग स्थलों का जायजा लिया। इसके साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो। प्रवेश और निकास के लिए व्यवस्थित व्यवस्था बनाई जाए, ताकि भीड़ के बीच अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने पर भी जोर दिया।

धामी ने कहा कि आयोजन से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। अधिकारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट हों और तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय सहित शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version