Site icon The Mountain People

उत्तराखंड में 3 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची, 24.30 लाख नोटिसों पर 99% से अधिक सुनवाई पूरी

 

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख बढ़ा दी गई है। अब प्रदेश में अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी। पहले इसके लिए 15 सितंबर की तारीख निर्धारित थी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने पुनरीक्षण कार्यक्रम में बदलाव करते हुए दावे और आपत्तियों की सुनवाई के लिए 28 सितंबर 2026 तक का समय दिया है। इसके बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

24.30 लाख नोटिसों में 99% से अधिक पर सुनवाई

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार प्रदेश में अनमैप्ड और विसंगति वाले मामलों से संबंधित 24 लाख 30 हजार नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 99 प्रतिशत से अधिक नोटिसों पर सुनवाई पूरी हो चुकी है।

इसके अलावा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से जुड़े फॉर्म-6, 7 और 8 की करीब 40 प्रतिशत सुनवाई भी पूरी की जा चुकी है।

28 सितंबर तक दावे-आपत्तियों की सुनवाई

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि नए कार्यक्रम के तहत दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने और उनकी सुनवाई की प्रक्रिया 28 सितंबर तक जारी रहेगी। इसके बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कर 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य किया जा रहा है।

Exit mobile version