Site icon The Mountain People

खटीमा को CM धामी की 6 बड़ी सौगात, ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण

 

 

 

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। उन्होंने पार्क में पौधरोपण कर परिसर का निरीक्षण किया और इसे स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने की अपील की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने खटीमा के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तार, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करना, स्टेडियम और क्रियाशाला का निर्माण, सर्किट हाउस तथा वेंडिंग जोन का विकास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश जाने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यहां सर्किट हाउस बनाया जाएगा। पार्क के विस्तार और जरूरी संसाधनों के लिए वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। महिलाओं की सुविधा के लिए पार्क में पिंक शौचालय बनाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि बढ़ती वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन के दौर में पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी है। इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट और नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 
Exit mobile version