देहरादून: राष्ट्रभक्ति और उत्साह से भरे माहौल में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRR) और एसजीआरआर समूह के संस्थानों में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। तिरंगे से सजे परिसरों में स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन किया गया, वहीं छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बनाया।
श्री दरबार साहिब में हुआ ध्वजारोहण
श्री दरबार साहिब परिसर में सुबह 8 बजे सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने राष्ट्रध्वज फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति ने फहराया तिरंगा
SGRR विश्वविद्यालय परिसर में सुबह 9 बजे कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि आजादी की असली भावना तभी पूरी होती है, जब नागरिक अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझें।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य सिर्फ विद्यार्थियों को डिग्री देना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक तैयार करना है, जो समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और सेवा के जरिए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को लगातार मजबूत कर रहा है।
मार्च पास्ट ने बढ़ाया देशभक्ति का जोश
समारोह में एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत किया। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

