Site icon The Mountain People

सतपाल महाराज ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से की शिष्टाचार भेंट

 

 

 

देहरादून/नई दिल्ली: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक और राजनीतिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को उत्तराखंड में राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने विशेष रूप से पर्यटन, संस्कृति और लोक निर्माण विभाग के तहत संचालित योजनाओं के साथ ही चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को मजबूत करने और साहसिक एवं शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों से अवगत कराया।

महाराज ने उत्तराखंड में पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं और राज्य के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं की भी जानकारी साझा की।

नितिन नबीन ने की राज्य सरकार के कार्यों की सराहना

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उत्तराखंड सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र की ओर से निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों और विकास योजनाओं पर भी चर्चा हुई।

Exit mobile version