तीज पर धामी का बड़ा संदेश, ‘मातृशक्ति बनेगी उत्तराखंड की विकास शक्ति’

 

 

 

 

देहरादून: भाऊवाला में तीज उत्सव के अवसर पर आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को विकास की अहम कड़ी बताया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और महिलाओं से सीधे संवाद कर उनके सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। राज्य निर्माण आंदोलन से लेकर आज तक महिलाओं ने परिवार और समाज के साथ प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों, कृषि, बागवानी, होमस्टे, स्थानीय उत्पाद, स्वरोजगार और तकनीक के जरिए आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।

2.65 लाख ‘लखपति दीदी’ का दावा

मुख्यमंत्री के अनुसार उत्तराखंड में 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए एकल महिला स्वरोजगार, महिला सतत आजीविका, मुख्यमंत्री स्वरोजगार और लखपति दीदी जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है।

टेक्नोलॉजी से जुड़ रही मातृशक्ति

महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्लेटफॉर्म विकसित किए जा रहे हैं। वहीं ड्रोन दीदी, सोलर सखी और महिला सारथी जैसी पहल के जरिए महिलाओं को तकनीक और नए रोजगार अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं को सिर्फ योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता के साथ नेतृत्व और निर्णय लेने का अवसर देना है।

स्वास्थ्य और सुरक्षा पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बेटियों के स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया। नंदा गौरा योजना, महालक्ष्मी किट, ईजा-बोई शगुन, पोषण कार्यक्रम, पेंशन योजनाओं और आंगनबाड़ी-आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को उन्होंने सरकार की महिला-केंद्रित पहल बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सशक्त नारी–समृद्ध उत्तराखंड’ केवल नारा नहीं, बल्कि सरकार का लक्ष्य है। महिलाओं की भागीदारी जितनी मजबूत होगी, उत्तराखंड का विकास उतनी ही तेजी से आगे बढ़ेगा।

(Visited 11 times, 1 visits today)