SIR पर CEO सख्त: बारिश प्रभावित इलाकों में घर जाकर होगी सुनवाई, अनमैप्ड वोटरों पर विशेष फोकस
The Mountain People
देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शनिवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के आयुक्तों तथा सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान मतदाताओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो और फील्ड स्तर पर अधिकारी लगातार लोगों से संवाद करें।
बारिश प्रभावित क्षेत्रों में BLO करेंगे दस्तावेजों का सत्यापन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन इलाकों में बारिश के कारण आवाजाही प्रभावित है, वहां विसंगति वाले मामलों में मतदाताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालय या बूथ पर बुलाने के बजाय BLO घर से दस्तावेज प्राप्त कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें और नियमानुसार कार्रवाई करें।
उन्होंने अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई के लिए ERO और AERO को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सुविधाजनक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
फॉर्म-6, 7 और 8 की स्थिति की समीक्षा
बैठक में जिलाधिकारियों से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से संबंधित आवेदनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। CEO ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं फील्ड में जाकर मतदाताओं से संवाद करें, ताकि SIR को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या आशंका न रहे।
विशेष रूप से देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों को नोटिसों की सुनवाई के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
BLO और फील्ड स्टाफ को प्रोत्साहित करने पर जोर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी और फील्ड स्टाफ कठिन परिस्थितियों में लगातार मेहनत कर रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाए, ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप से उनके हालिया जनपद भ्रमण का फीडबैक भी लिया और दोनों मंडलायुक्तों को लगातार फील्ड विजिट जारी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित दोनों मंडलों के आयुक्त और सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।