Site icon The Mountain People

उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, 2.19 करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर लौटे

photo-timesnownews

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा 2026 शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार की ओर से सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत किए जाने का असर यात्रा संचालन में साफ दिखाई दे रहा है। अब तक 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार से अधिक शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की शाम 6 बजे तक केवल एक दिन में ही 39 लाख 15 हजार से अधिक कांवड़ यात्री हरिद्वार और अन्य गंगाघाटों से जल लेकर लौटे, जो इस वर्ष की यात्रा के दौरान बड़ी संख्या मानी जा रही है।

यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन, पुलिस तैनाती, चिकित्सा शिविर, पेयजल, स्वच्छता और आपातकालीन सेवाओं को लगातार सक्रिय रखा गया है, जिससे लाखों श्रद्धालु बिना किसी बड़ी परेशानी के अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने शिवभक्तों, स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों से यात्रा के सफल संचालन में सहयोग बनाए रखने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी के समन्वित प्रयासों और अनुशासन के बल पर कांवड़ यात्रा 2026 सुरक्षित, सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न होगी तथा उत्तराखंड अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और अतिथि सत्कार की परंपरा को एक बार फिर मजबूती से स्थापित करेगा।

Exit mobile version