PM मोदी का संसद से पहले राहुल गांधी पर तंज, बोले- ‘मैं 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा’
The Mountain People
TMP: संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए देश के युवाओं की उपलब्धियों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने भारत के पहले निजी रॉकेट ‘विक्रम-1’ के सफल प्रक्षेपण के लिए स्काईरूट एयरोस्पेस की टीम की प्रशंसा की और इसी बहाने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अप्रत्यक्ष तंज भी कसा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्काईरूट की टीम की औसत उम्र सिर्फ 28 वर्ष है और इन्हीं युवाओं ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं किसी 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा हूं।” उनके इस बयान को राहुल गांधी पर सीधा राजनीतिक कटाक्ष माना जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि बीते एक महीने में भारत ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा अब अंतरिक्ष तक अपनी पहचान बना रही है और यह देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम की बड़ी सफलता है।
प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि पिछले वर्ष एक भारतीय नागरिक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पहुंचा था और अब एक भारतीय निजी स्टार्टअप ने अंतरिक्ष प्रक्षेपण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं की क्षमता और उनके सपने अंतरिक्ष की तरह असीम हैं तथा दुनिया आज भारत की बढ़ती ताकत और नवाचार क्षमता को स्वीकार कर रही है।