Site icon The Mountain People

भारी बारिश पर धामी सरकार अलर्ट, CM ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

 

 

 

TMP: प्रदेशभर में जारी भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनन्द बर्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को मानसून की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जहां भी भारी वर्षा, भूस्खलन या सड़क अवरुद्ध होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो, वहां राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो। सभी राहत एजेंसियां पूरी तरह तैयार रहें और प्रभावित लोगों को समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने अधिकारियों को सड़क, बिजली, पेयजल और संचार सेवाएं बाधित होने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही चारधाम यात्रा मार्गों सहित सभी प्रमुख मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और राज्य में आने वाले यात्रियों से मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की। उन्होंने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 
 
Exit mobile version