देहरादून : उत्तराखंड ने निवेश के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में पर्वतीय और पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 47.5 अंकों के साथ 11वां स्थान हासिल कर उत्तराखंड ने ‘फ्रंट रनर’ श्रेणी में अपनी जगह बनाई है।
सूचकांक में राज्यों का मूल्यांकन व्यावसायिक वातावरण, आधारभूत संरचना, संसाधनों की उपलब्धता और वित्तीय स्वास्थ्य जैसे मानकों पर किया गया। उत्तराखंड ने वित्तीय स्वास्थ्य में पहला, व्यावसायिक वातावरण और संसाधनों में दूसरा, जबकि आधारभूत संरचना में तीसरा स्थान हासिल किया।
यह भी पढ़ें : PM मोदी ने उत्तराखंड को दी नई सौगात, 19 करोड़ से संवरा हर्रावाला रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह निवेशक हितैषी नीतियों, पारदर्शी शासन और त्वरित निर्णय प्रक्रिया का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी निवेश गंतव्य बनाने, बेहतर औद्योगिक माहौल तैयार करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि राज्य में निवेश, औद्योगिक विकास और समावेशी आर्थिक प्रगति को नई गति देगी।