Site icon The Mountain People

बाजपुर में अकेली बुजुर्ग महिला के घर लाखों की चोरी, सोने के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर

 

 

 

बाजपुर: ऊधमसिंह नगर के केलाखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम शोकानगला में चोरों ने घर में अकेली रह रही एक बुजुर्ग महिला के मकान को निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय महिला घर में ही सो रही थीं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता परमजीत कौर ने पुलिस को बताया कि मंगलवार देर रात करीब दो बजे अज्ञात बदमाश घर के पीछे की लोहे की ग्रिल और खिड़की तोड़कर अंदर घुस आए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर करीब तीन तोला सोने के जेवर, जिनमें झुमके और पांच अंगूठियां शामिल हैं, 35 हजार रुपये नकद तथा दो सूटकेस चोरी कर लिए।

सुबह जागने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी टूटी हुई थी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पीड़िता ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

परमजीत कौर का बेटा और बहू इंग्लैंड में रहते हैं। घर की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस उनके पास है। पुलिस परिवार के संपर्क में रहकर फुटेज जुटाने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और फोरेंसिक टीम की मदद से भी जांच की जा रही है।

घरेलू कर्मचारियों और अन्य लोगों से भी होगी पूछताछ

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोर सीधे उसी कमरे तक कैसे पहुंचे, जहां जेवरात और नकदी रखी हुई थी। हाल के दिनों में घर में काम करने वाले लोगों, बोरिंग कराने वाले कर्मचारियों और घरेलू सहायकों से भी पूछताछ की जाएगी।

नशीला पदार्थ देने की आशंका, जांच जारी

परिजनों का कहना है कि परमजीत कौर रोज सुबह चार बजे उठ जाती हैं, लेकिन घटना वाले दिन उनकी आंख करीब सात बजे खुली और उन्हें असामान्य थकान महसूस हुई। इसी आधार पर नशीला पदार्थ दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।

 
 
Exit mobile version