Site icon The Mountain People

सहसपुर जनसेवा शिविर में CM ने सुनी जनता की समस्याएं, अधिकारियों को दिए मौके पर समाधान के निर्देश

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सहसपुर स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में पहुंचकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर लोगों को बिना भटकाव के सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का वास्तविक अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह एवं जनकेंद्रित प्रशासन है। उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविरों के माध्यम से शासन और जनता के बीच की दूरी कम हुई है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में प्रदेशभर में लगभग 700 जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। देहरादून जनपद में आयोजित 46 शिविरों में 60 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की और करीब 39 हजार लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे सेवा पखवाड़े के तहत 4 जुलाई से शुरू हुए अभियान में अब तक 64 हजार से अधिक नागरिक लाभान्वित हो चुके हैं। इस दौरान प्राप्त 5,567 शिकायतों में से 4,951 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 2,522 लोगों को विभिन्न प्रमाण-पत्र और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही प्रमाण-पत्र, सहायता और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

मौके पर दिए समाधान के निर्देश

शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने कई जन समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कारबारी ग्रांट क्षेत्र में दो माह के भीतर 30 सोलर लाइट लगाने, स्थानीय महिला को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, सेलाकुई क्षेत्र में सड़क, नाली और जल निकासी कार्यों को तेजी से पूरा करने, भाऊवाला में श्मशान घाट निर्माण, अटकफार्म और सेंट्रल होपटाउन क्षेत्र के लंबित बंदोबस्त मामलों के समाधान, भगवानपुर-बहुगुणा मार्ग पर पार्क एवं ओपन जिम निर्माण तथा बड़ोवाला में डिस्पेंसरी और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प “विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड” के लक्ष्य को साकार करना है और प्रत्येक नागरिक तक विकास एवं जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Exit mobile version