देहरादून: बारिश के मौसम में नगर निगम देहरादून का चक शाहनगर स्थित जोनल कार्यालय खुद असुरक्षित नजर आ रहा है। कार्यालय परिसर के आसपास उगी घनी झाड़ियों और वर्षा के पानी के साथ सांपों के पहुंचने से यहां तैनात कर्मचारियों तथा रोजाना आने वाले नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार पिछले तीन दिनों में कार्यालय परिसर में अलग-अलग प्रजाति के दो सांप दिखाई दिए, जिसके बाद कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस जोनल कार्यालय में संपत्ति कर संग्रहण, संपत्ति नामांतरण सहित नगर निगम की कई महत्वपूर्ण सेवाएं संचालित होती हैं। रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं।
कार्यालय में आसपास के क्षेत्रों के महत्वपूर्ण संपत्ति अभिलेख भी सुरक्षित रखे गए हैं। डिफेंस कॉलोनी स्थित मंत्रियों, सांसदों और अन्य वीआईपी आवासों से संबंधित संपत्ति कर संबंधी कार्य भी इसी कार्यालय से संचालित होते हैं। कर्मचारियों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान सांप परिसर में घुस आते हैं, लेकिन इस बार लगातार तीन दिनों में दो सांप दिखाई देने से दहशत और बढ़ गई है।
कर्मचारियों ने वन विभाग से परिसर में पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने और सांपों को सुरक्षित पकड़कर हटाने की मांग की है। वहीं क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि कार्यालय परिसर की झाड़ियों की तत्काल सफाई कराई जाए, नियमित फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव कराया जाए तथा वन विभाग के सहयोग से आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि जोनल कार्यालय में लंबे समय से कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं है। गार्ड रूम पर ताला लटका हुआ है, जबकि कार्यालय में महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेख और रिकॉर्ड सुरक्षित रखे गए हैं। ऐसे में क्षेत्रवासियों का कहना है कि न केवल वन्यजीवों का खतरा बना हुआ है, बल्कि कार्यालय की समग्र सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।
लोगों ने मांग की है कि कर्मचारियों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय परिसर की नियमित सफाई, वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा गार्ड की तैनाती जल्द से जल्द की जाए।

