Site icon The Mountain People

केदारनाथ और बद्रीनाथ पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, मुख्य सचिव ने की प्रगति की समीक्षा

 

 

 

देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं पुनर्विकास परियोजनाओं तथा बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने दोनों धामों में विकास कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने केदारनाथ धाम में प्रस्तावित छह नए ब्लॉकों का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए ताकि निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरे हो सकें।

यात्रा क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उन्होंने रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी को केदारनाथ धाम के लिए व्यापक एवं एकीकृत ठोस कचरा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन के दौरान कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आवश्यक वित्तीय, तकनीकी और अन्य सहयोग राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी।

बैठक में बद्रीनाथ मास्टर प्लान के प्रथम और द्वितीय चरण के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के साथ-साथ परियोजना से जुड़े आर्टवर्क और अन्य कंटेंट संबंधी कार्य भी समानांतर रूप से पूरे किए जाएं।

मुख्य सचिव ने दोनों धामों में विकसित की जा रही परिसंपत्तियों और सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) के लिए पहले से स्पष्ट व्यवस्था तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यदि संचालन करने वाली संस्थाओं का पहले से निर्धारण कर लिया जाएगा तो परियोजनाओं के हस्तांतरण के बाद रखरखाव की जिम्मेदारी तय करने में सुविधा होगी।

बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार सहित संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 
 
Exit mobile version