Site icon The Mountain People

मदरसा बोर्ड समाप्त करना ऐतिहासिक फैसला, अल्पसंख्यक बच्चों के लिए खुलेगा तरक्की का रास्ता: महेंद्र भट्ट

 

 

 

देहरादून: भाजपा ने उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड को समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के गठन का स्वागत करते हुए इसे अल्पसंख्यक समाज के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह व्यवस्था अल्पसंख्यक बच्चों के लिए आधुनिक शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के गठन से अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। इससे मुस्लिम, सिख, जैन सहित सभी अल्पसंख्यक समुदायों के बच्चों को समान शिक्षा के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के दायरे से बाहर निकालकर आधुनिक शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी और कौशल विकास से जोड़ा जाएगा, जिससे उनकी डिग्रियों और प्रमाणपत्रों को सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र में बेहतर मान्यता मिलेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि विपक्ष वास्तव में अल्पसंख्यक समाज के बच्चों के हितों को लेकर गंभीर है, तो उसे इस पहल का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और कुछ अन्य संगठन राजनीतिक हितों के लिए इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने और समुदाय को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्ष के भ्रामक प्रचार का सरकार और संगठन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार उत्तराखंड की जनसांख्यिकी की सुरक्षा, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

Exit mobile version