Site icon The Mountain People

‘कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा नहीं, पार्टी के भीतर परिवर्तन की हुंकार है’ – भाजपा

 

 

 

देहरादून: भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस की परिवर्तन एवं संकल्प यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि यात्रा के दौरान सामने आ रही घटनाएं यह साबित कर रही हैं कि कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेश में नहीं, बल्कि अपनी ही पार्टी में परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिथौरागढ़ में आयोजित कांग्रेस सम्मेलन के दौरान हुई कथित गाली-गलौज और हंगामे ने पार्टी की अंदरूनी कलह को उजागर कर दिया है।

चौहान ने कहा कि प्रदेश की जनता विकास कार्यों से संतुष्ट है और उसका ध्यान विकास एवं सुशासन पर है, जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नकारात्मक माहौल बनाकर सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने नेतृत्व पर ही भरोसा नहीं है और यही स्थिति पूरे प्रदेश में दिखाई दे रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि पिथौरागढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की मौजूदगी में जिस तरह का हंगामा हुआ, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि चुनाव से पहले ही कांग्रेस के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ चुके हैं।

‘भाजपा का फोकस विकास और जनता की सेवा पर’

मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को गंभीरता से नहीं ले रही है, क्योंकि पार्टी का पूरा ध्यान विकास कार्यों और जनसेवा पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई से भाजपा सेवा पखवाड़ा शुरू करने जा रही है, जिसके माध्यम से सरकार अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता का भरोसा भाजपा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार पर बना हुआ है। सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में सरकार के कार्यों के आधार पर भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।

 

 
 
Exit mobile version