Site icon The Mountain People

उत्तराखंड में रेलवे विस्तार को मिलेगी रफ्तार, मुख्यमंत्री धामी ने रेलवे बोर्ड चेयरमैन के सामने रखीं अहम परियोजनाएं

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में रेलवे नेटवर्क को मजबूत बनाने और लंबित रेल परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान राज्य में चल रही और प्रस्तावित रेलवे परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे कनेक्टिविटी का विस्तार उत्तराखंड के पर्यटन, तीर्थाटन, निवेश और आर्थिक विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य की सबसे महत्वपूर्ण और सामरिक दृष्टि से अहम परियोजनाओं में बताते हुए इसके निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना चारधाम यात्रा के श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी यात्रा को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाएगी।

बैठक में लंबे समय से चर्चित टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने जानकारी दी कि इस परियोजना का सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नवंबर 2026 तक इस परियोजना पर ठोस प्रगति देखने को मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कर्णप्रयाग-बागेश्वर और किच्छा-खटीमा रेल लाइन परियोजनाओं को भी पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए इन पर आगे की कार्रवाई तेज करने का आग्रह किया।

उन्होंने राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर और टनकपुर जैसे स्टेशन उत्तराखंड के प्रवेश द्वार हैं, इसलिए यहां यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

आगामी कुंभ और कांवड़ मेले को देखते हुए मुख्यमंत्री ने हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि रेलवे और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार-देहरादून रेल मार्ग के दोहरीकरण (डबल लाइन) की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क का विस्तार राज्य में निवेश, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा तथा उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती प्रदान करेगा।

बैठक में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि चर्चा में आए सभी प्रस्तावों और परियोजनाओं पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। बैठक में सचिव बृजेश कुमार संत और अपर सचिव रीना जोशी भी उपस्थित रहे।

 
 

 

Exit mobile version