‘रन फॉर योगा’ में दौड़े मुख्यमंत्री धामी, युवाओं से किया योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
The Mountain People
देहरादून: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित “रन फॉर योगा” कार्यक्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन, देहरादून में प्रतिभाग कर योग और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण का सशक्त अभियान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक वातावरण पूरी मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का वैज्ञानिक माध्यम है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के प्रस्ताव के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिली और आज दुनिया के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बीच योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का प्रभावी साधन बनकर उभरा है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित युवा ही विकसित राष्ट्र और सशक्त राज्य की नींव हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ योग प्रशिक्षकों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रतिदिन योग अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने और योग के संदेश को घर-घर पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक विनोद चमोली, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव आयुष रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।