Site icon The Mountain People

गदरपुर में गूंजेगी अंतरराष्ट्रीय खेलों की धमक, सीएम धामी ने क्याकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का लिया जायजा

 

 

 

ऊधम सिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता के आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधों, आवास, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और उच्च मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता के आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव भी लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक और भौगोलिक परिस्थितियां साहसिक खेलों के लिए बेहद अनुकूल हैं। राज्य में जल क्रीड़ा, एडवेंचर स्पोर्ट्स और पर्वतीय खेलों को बढ़ावा देने की व्यापक संभावनाएं हैं, जिनके विकास के लिए सरकार लगातार आधुनिक खेल अवसंरचना तैयार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक मजबूत पहचान दिलाना है। ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल प्रदेश के खिलाड़ियों को वैश्विक मंच प्रदान करती हैं, बल्कि युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करती हैं।

उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजनों से पर्यटन, स्थानीय व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिलती है। इससे उत्तराखंड की पहचान एक प्रमुख साहसिक पर्यटन और खेल गंतव्य के रूप में और सशक्त होगी।

सीएम धामी ने अधिकारियों को स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सेवाओं, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं को उत्कृष्ट स्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की कार्य संस्कृति, मेहमाननवाजी और संगठन क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण बनना चाहिए।

Exit mobile version