देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पद्मश्री से सम्मानित एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज स्वर्गीय जसपाल राणा के देहरादून स्थित आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा का असामयिक निधन न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने अपनी असाधारण प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण से भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाई। एक खिलाड़ी और प्रशिक्षक के रूप में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके द्वारा तैयार किए गए अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां और खेल के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

