देहरादून: CM Pushkar Singh Dhami ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता Bhuvan Chandra Khanduri के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडूड़ी जी का निधन उत्तराखंड और देश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी ने भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन में भी अपनी साफ-सुथरी छवि, पारदर्शी कार्यशैली और जनहित के प्रति समर्पण से अलग पहचान बनाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडूड़ी जी ने उत्तराखंड के विकास, सुशासन और ईमानदार राजनीति को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके नेतृत्व में प्रदेशहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनका लाभ राज्य को लंबे समय तक मिलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी की सादगी, स्पष्टवादिता और कार्यकुशलता सदैव लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। राजनीति और सार्वजनिक जीवन में उनकी ईमानदारी तथा अनुशासन की मिसाल हमेशा याद की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।