मुनस्यारी में हरकोट बैंड के पास खाई में गिरी कार, एक बुजुर्ग की मौत; पांच लोग घायल
The Mountain People
मुनस्यारी (पिथौरागढ़): तल्ला जौहार से मुनस्यारी तहसील मुख्यालय की ओर आ रही एक आर्टिगा कार हरकोट बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
हादसे में बला गांव निवासी 70 वर्षीय नेत्र सिंह राणा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रताप सिंह, हरीश सिंह, यमुना देवी, ममता और चालक चंचल सिंह कोरंगा घायल हो गए। घायलों को नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र पांगती और स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहनों द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल प्रताप सिंह, हरीश सिंह, राजेंद्र सिंह और चालक चंचल सिंह को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद कार पेड़ों के बीच अटक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि वाहन और नीचे गिरता तो नुकसान अधिक हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां सुरक्षा के लिए न तो पैराफिट बने हैं और न ही रैलिंग लगाई गई है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।