Site icon The Mountain People

CM धामी का औचक निरीक्षण: हेल्पलाइन शिकायत पर खुद पहुंचे जाखन, अधिकारियों को लगाई फटकार

 

 

 

देहरादून: CM पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन पर आई शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्था की हकीकत परखी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जाखन क्षेत्र पहुंचे और राजपुर रोड पर क्षतिग्रस्त फुटपाथ का निरीक्षण किया।

दरअसल, स्थानीय निवासी विवेक मदान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के दौरान फुटपाथ को नुकसान पहुंचा है और मरम्मत कार्य ठीक से नहीं किया गया, जिससे टाइल्स धंस गई हैं और आमजन को परेशानी हो रही है।

वीडियो कॉल पर दिखाई हकीकत

मुख्यमंत्री ने मौके पर ही शिकायतकर्ता को साथ लेकर अपने मोबाइल से अधिकारियों को वीडियो कॉल किया और फुटपाथ की वास्तविक स्थिति दिखाई। उन्होंने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अंडरग्राउंड लाइन के बावजूद ऊपर दिख रही बिजली लाइनों को तुरंत दुरुस्त किया जाए, क्योंकि यह आम लोगों के लिए खतरा बन सकती हैं।

‘बार-बार काम से जनता परेशान, धन की भी बर्बादी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना समुचित योजना के कार्य करने से बार-बार निर्माण होता है, जिससे जनता को असुविधा होती है और सरकारी धन की भी बर्बादी होती है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।

प्रदेशभर में चलेगा अभियान

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में ऐसे मामलों की जांच कर सुधारात्मक कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

 
Exit mobile version