Site icon The Mountain People

अलकनंदा में बढ़ा जलस्तर, बीच धारा में फंसा डंपर; SDRF की तत्परता से टला बड़ा हादसा

Photo- Jagran

 

 

 

 

श्रीनगर गढ़वाल : श्रीयंत्र टापू के पास अलकनंदा नदी में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खनन कार्य के दौरान नदी में उतरा एक डंपर अचानक तेज बहाव में फंस गया, जिससे उसमें सवार चालक और हेल्पर बीच धारा में ही फंस गए।

बताया जा रहा है कि डंपर खनन सामग्री लेने के लिए नदी में गया था। इसी दौरान जीवीके जल विद्युत परियोजना से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव के चलते डंपर नियंत्रण से बाहर होकर बीच धारा में अटक गया और दोनों युवक उसमें फंसकर बाहर नहीं निकल पाए।

घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

समय रहते किए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद प्रशासन ने नदी में खनन कार्य के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और जलस्तर की जानकारी लेकर ही नदी में उतरने की अपील की है।

 
 
Exit mobile version