Site icon The Mountain People

वीकेंड पर ‘हुड़दंग’ नहीं, सख्ती का प्लान! हाईवे खुलते ही देहरादून में अलर्ट मोड

 

 

 

देहरादून: राजधानी में बढ़ती रोडरेज और हुड़दंग की घटनाओं पर अब प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। दिल्ली-देहरादून हाईवे के खुलने से वीकेंड ट्रैफिक बढ़ने की आशंका के बीच मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कानून-व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय बैठक में पुलिस और गृह विभाग को कड़े निर्देश दिए।

बैठक में साफ किया गया कि वीकेंड पर शहर को पार्टी और अराजक तत्वों का ठिकाना नहीं बनने दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस की दिन-रात गश्त के साथ सुबह के समय भी विशेष पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर पीक ऑवर में हर थाना क्षेत्र में सक्रिय निगरानी रखने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें : देहरादून में सनसनी: मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत, सड़क पर गैंगवार की चपेट में आए

मुख्य सचिव ने बार और रेस्टोरेंट संचालन पर भी सख्ती दिखाते हुए तय समय पर बंद कराने के निर्देश दिए। नियमों की अनदेखी करने वाले बार संचालकों और अवैध गतिविधियों में शामिल प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साथ ही अधिकारियों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

होम स्टे और पीजी पर भी निगरानी बढ़ेगी। प्रशासन इनकी मैपिंग कर यह सुनिश्चित करेगा कि पर्यटन के नाम पर किसी तरह की अवैध गतिविधियां न चल रही हों। किरायेदारों और बाहरी लोगों का सत्यापन अभियान भी तेज किया जाएगा, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।

बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों का मानना है कि हाईवे खुलने के बाद राजधानी में वीकेंड भीड़ और गतिविधियां बढ़ेंगी, ऐसे में अभी से सख्त रणनीति लागू करना जरूरी है।

प्रशासन का साफ संदेश है—देहरादून में अब कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं होगी।

 
Exit mobile version