उत्तरकाशी: होली के त्योहार पर हुए हादसे में एक युवक की मौत से उसके परिवार में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई। यह हादसा मंगलवार देर रात होली पार्टी के दौरान हुआ, उत्तरकाशी मुख्य बाजार निवासी युवक अपने दो अन्य दोस्तों के साथ कुटेटी के पास पार्टी कर रहा था, इस दौरान वह पहाड़ी से नीचे जा गिरा।
हादसे में गंभीर घायल युवक को उसके दोस्तों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
उत्तरकाशी कोतवाली में तैनात एसएसआइ दिलमोहन बिष्ट ने बताया कि बीते मंगलवार देर रात जनपद मुख्यालय के निकट जसपुर सिल्याण मोटरमार्ग पर कुटेटी के निकट अनमोल उभान (23) पुत्र हरीश उभान निवासी जोशी मोहल्ला मुख्य बाजार उत्तरकाशी अपने दो अन्य दोस्तों के साथ होली पार्टी कर रहा था।
इस दौरान वह पहाड़ी से नीचे जा गिरा और गंभीर रुप से घायल हो गया। उसके दोस्तों ने हादसे की सूचना कोतवाली पुलिस के साथ आपातकालीन 108 सेवा को दी।
जब तक पुलिस व 108 मौके पर पहुंचती, उससे पूर्व उसके दोस्त ही गंभीर घायल अनमोल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरु किया। लेकिन बुधवार तड़के चार बजे उपचार के दौरान अनमोल ने दम तोड़ दिया। इस हादसे से मुख्य बाजार क्षेत्र में भी शोक की लहर है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर जिला अस्पताल में ही उसका पोस्ट मार्टम कराया।
सड़क हादसे में दो घायल
होली के दिन मोरी तहसील क्षेत्र के नैटवाड़ दोणी मोटरमार्ग पर एक बोलेरो कैंपर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर साढ़े बारह बजे उक्त वाहन नैटवाड़ से धौली की तरफ जा रहा था कि ग्राट नामे तोक के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सचिन रावत पुत्र शूरवीर सिंह व करणवीर रावत पुत्र कुंदन सिंह दोनों निवासी ग्राम नैटवाड़ मोरी को रेस्क्यू कर प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला भिजवाया। हालांकि दोनों सामान्य घायल बताये जा रहे हैं।

