Site icon The Mountain People

जमरानी व सौंग बांध परियोजनाएं तय समय पर हों पूरी, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं: मुख्य सचिव

 

 

 

देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में सिंचाई विभाग द्वारा निर्माणाधीन जमरानी बांध बहुद्देशीय परियोजना एवं सौंग बांध पेयजल परियोजना की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने दोनों महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजनाओं से संबंधित सभी निविदाएं एवं आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं। उन्होंने संपूर्ण परियोजना का डिटेल्ड फ्लो-चार्ट तैयार कर प्रत्येक चरण को तय समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता सर्वोपरि है। इसके लिए फर्स्ट पार्टी, सेकंड पार्टी एवं थर्ड पार्टी क्वालिटी कंट्रोल और मूल्यांकन नियमित रूप से कराया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।

मुख्य सचिव ने परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के पुनर्वास कार्यों को संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुआवजा, पुनर्वास और आवंटन की प्रक्रिया आपसी तालमेल, विश्वास और निरंतर संवाद के माध्यम से पूरी की जाए।

समीक्षा बैठक में सचिव सिंचाई श्री युगल किशोर पंत ने जानकारी दी कि जमरानी बांध बहुद्देशीय परियोजना की कुल लागत ₹ 3678.23 करोड़ है, जिसे जून 2029 तक पूर्ण किया जाएगा। वहीं सौंग बांध परियोजना 130.60 मीटर ऊंची, 150 एमएलडी क्षमता की गुरुत्व आधारित पेयजल परियोजना है, जिसकी कुल लागत ₹ 2524.42 करोड़ है। इसका निर्माण कार्य नवंबर 2029 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य है।

Exit mobile version