Site icon The Mountain People

एंजेल चकमा हत्याकांड: मुख्यमंत्री धामी ने पिता से फोन पर की बात, दोषियों को कड़ी सजा का आश्वासन

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बातचीत कर, एंजेल की हत्या पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी के नेपाल फरार होने की आशंका है। उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर प्रयास तेज किए गए हैं

मुख्यमंत्री ने तरुण चकमा से कहा कि वह इस घटना से व्यक्तिगत रूप से आहत और दु:खी हैं तथा इस कठिन समय में परिवार के दर्द को पूरी तरह समझते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड हमेशा से शांत, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण प्रदेश रहा है, जहां देश-विदेश से छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। ऐसे में यह घटना न केवल पीड़ित परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए भी अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस तरह की घटनाओं पर किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतेगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि घटना के बाद उन्होंने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी इस मामले को लेकर बातचीत की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार की सहायता के लिए वह त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से भी संवाद करेंगे, साथ ही उत्तराखंड सरकार की ओर से हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।

Exit mobile version