देहरादून: उत्तराखंड संस्कृति साहित्य एवं कला परिषद के तत्वावधान में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को समर्पित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती मधु भट्ट ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में मीडिया से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 24 दिसंबर 2025 को सुबह 10 बजे संस्कृति प्रेक्षागृह, देहरादून में किया जाएगा। इसके बाद 25 दिसंबर 2025 से यह संगोष्ठी प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा स्तर पर आयोजित की जाएगी, ताकि अटल जी के विचार व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंच सकें।
श्रीमती मधु भट्ट ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य अटल बिहारी वाजपेयी जी के सुशासन, राष्ट्रवादी चिंतन और उनकी कविताओं के माध्यम से नई पीढ़ी को उनके विचारों से जोड़ना है। संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी में अटल जी के जीवन से जुड़ा साहित्य, उनकी कविताएं और विचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उन वरिष्ठ नागरिकों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अटल जी के साथ कार्य किया या उनके नेतृत्व में देश सेवा का अनुभव प्राप्त किया। इसके साथ ही कवि सम्मेलन एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी संगोष्ठी का विशेष आकर्षण रहेगा।
परिषद की उपाध्यक्ष ने बताया कि संगोष्ठी स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने हेतु स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उनके स्टॉल भी लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
यह आयोजन अटल जी के विचारों, आदर्शों और सांस्कृतिक विरासत को जनमानस तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

