देहरादून: भाजपा ने पूर्व विधायक के बेटे से जुड़े मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस प्रकरण में पुलिस निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई कर रही है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कानून सबके लिए समान है और पुलिस ने समय पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह की राजनीतिक टिप्पणी अनुचित है।
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए चौहान ने स्पष्ट कहा कि भाजपा सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है और किसी को भी अपराध करने की छूट नहीं दी जाती। उन्होंने कहा कि यदि अपराध हुआ है तो अपराध के अनुपात में सजा अवश्य दिलाई जाएगी।
उन्होंने अपील की कि पुलिस को कार्रवाई करने का पूरा अवसर दिया जाना चाहिए क्योंकि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कार्रवाई कानून सम्मत, कठोर और निष्पक्ष हो।
चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ निर्देश दिए हैं कि चाहे कोई बड़ा हो या छोटा, प्रभावशाली हो या सामान्य नागरिक—सब पर समान रूप से कानून लागू होगा।
उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले भी राज्य में कई मामलों में राजनीतिक कार्यकर्ताओं, शीर्ष अधिकारियों और रसूखदारों पर कठोर कार्रवाई की गई है, जिससे सरकार की निष्पक्षता और सख्ती स्पष्ट होती है।

